उत्तरप्रदेश : 90 फीट गहरे कुएं में 30 घंटे तक फंसी रही किशोरी, बावजूद इसके कोई चोट नहीं, निकाला गया सुरक्षित
By: Ankur Mon, 26 Oct 2020 8:05:27
कहते हैं ना जब तक ऊपर वाला ना चाहे तब तक आपका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला आगरा में जहां एक 15 साल की किशोरी 90 फीट गहरे कुएं में गिरी और 30 घंटे तक वहां फंसी रही। लेकिन उसे कोई चोट नहीं आई और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह मामला शमशाबाद थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव का है। गांव निवासी 15 साल की पूनम शनिवार शाम साढ़े छह बजे भाई के लिए तंबाकू लेने दुकान पर गई थी। इसके बाद देर रात तक वह वापस नहीं आई। घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाने जाकर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस की तीन टीमें तलाश में लगीं। एक टीम गांव के आसपास के कुएं में किशोरी की तलाश कर रही थी। दूसरी टीम गांव के पास की नहर में तलाश को चली गई। वहीं, एक टीम दुकान के आसपास के इलाके में किशोरी की तलाश कर रही थी।
रविवार को पूरे दिन किशोरी की तलाश हुई। मगर, उसका कोई सुराग नहीं मिला। रात 12 बजे पुलिस की एक टीम किशोरी के घर और दुकान के बीच के कुएं में टार्च से उसे देखने पहुंची। किशोरी का हाथ टार्च की रोशनी में पुलिस को दिखा। इसके बाद परिवार वालों ने उसको आवाज दी। किशोरी अधिक बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने रस्सी से छोटी चारपाई को बांधकर कुएं में फंसा दिया। रात 12।40 बजे उसको कुएं से बाहर निकाल लिया। किशोरी तीस घंटे तक कुएं में रही।
कुआं काफी समय से सूखा हुआ था। इसकी गहराई 80 से 90 फीट है। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने कई बार सांप इस कुएं में देखे। मगर, किशोरी को सकुशल देखकर उन्हें आश्चर्य हो रहा था। कुएं में गिरने से भी उसके कोई चोट नहीं आई। इस घटना को लेकर आसपास के गांवों में भी चर्चाएं हैं। ग्रामीण इसे महा नवरात्रि पर चमत्कार मान रहे हैं।
ये भी पढ़े :
# जोधपुर : जेल के अंदर ही की गई कैदी के हत्या की कोशिश, पत्थर से कुचला चेहरा, टूटा जबड़ा
# राजस्थान : डकैत को पकड़ने गई पुलिस पर चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक कांस्टेबल गंभीर हालत में
# उत्तरप्रदेश : बागपत में नहीं थम रही व्यापारियों से जुड़ी वारदात, अपहरण कर मांगी गई 1 करोड़ की रंगदारी
# उत्तरप्रदेश : पत्नी ने ही दी थी पति के नाम की सुपारी, बरामद हुआ कॉलेज प्रवक्ता का कंकाल
# पुलिस ने किया खुलासा : पिता ही निकला अपनी बेटी का कातिल, गलत आरोप में तीन युवकों को फंसाया था